होर्डिंग हटाने पर गरमाई खंदौली की राजनीति, ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा के समर्थकों का सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

होर्डिंग हटाने की घटना ने क्षेत्रीय राजनीति का मुद्दा गर्माया , ब्लॉक प्रमुख की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान विरोधियों पर आरोप

आगरा। एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खंदौली ब्लॉक की राजनीति एक बार फिर चर्चा में है। खंदौली ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा के लगाए गए होर्डिंग और बैनर कथित रूप से हटाए जाने के बाद उनके समर्थकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर समर्थकों ने विरोध दर्ज कराते हुए कई पोस्ट साझा की हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्यों और विभिन्न आयोजनों के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए होर्डिंगों को निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई को लेकर समर्थकों का आरोप है कि यह ब्लॉक प्रमुख की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान राजनीतिक विरोधियों की सोची-समझी रणनीति है।

सोशल मीडिया पर सक्रिय समर्थकों का कहना है कि क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों तक सुगम मार्ग निर्माण और विभिन्न जनहित कार्यों के कारण आशीष शर्मा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। समर्थकों ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर कहा कि होर्डिंग हटाने से जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता और लोकप्रियता कम नहीं की जा सकती।

घटना के बाद स्थानीय युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सोशल मीडिया पर ब्लॉक प्रमुख के समर्थन में लगातार पोस्ट साझा की जा रही हैं। वहीं क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। राजनीतिक जानकार इस घटनाक्रम को स्थानीय स्तर पर बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और संभावित गुटबाजी से जोड़कर देख रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान कार्यक्रमों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा चर्चा में रहे हैं। ऐसे में होर्डिंग हटाने की घटना ने क्षेत्रीय राजनीति को नया मुद्दा दे दिया है।

फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि सोशल मीडिया पर समर्थकों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *