बकाया किश्त बताकर ट्रक को जबरन कब्जे में लेकर फरार, पुलिस ने कार्रवाई कर यार्ड संचालक प्रिंस सिंह को गिरफ्तार किया

चंदौली। नौबतपुर क्षेत्र में बकाया किश्त के विवाद में ट्रक को जबरन कब्जे में लेने के मामले में चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यार्ड संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूट के मुकदमे में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया तथा लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग स्वयं को फाइनेंसर बताकर आए और ट्रक को रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने खलासी के साथ मारपीट की तथा ट्रक लेकर फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए सैयदराजा पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने लूटा गया ट्रक संख्या BR44GA7998 बिहार के कैमूर जनपद स्थित वैष्णवी पार्किंग यार्ड से बरामद कर लिया। साथ ही यार्ड संचालक प्रिंस सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब फाइनेंस एजेंसी से जुड़े अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में संलिप्त पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक चंदौली ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि किश्त वसूली या रिकवरी के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी प्रकार की दबंगई या गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ लूट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
कानून से ऊपर कोई नहीं है और रिकवरी की प्रक्रिया भी विधिक तरीके से ही की जानी चाहिए।