सूर्या हत्याकांड के बाद पहली जुमे की नमाज पर पुलिस के कड़े इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात

नवनीत विहार कॉलोनी में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद से तनाव की स्थिति, हिंदू संगठन की धमकी के बाद से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

ई दिल्ली/अमर भारती। गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में सूर्या हत्याकांड के बाद बने संवेदनशील माहौल को देखते हुए शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। इलाके की 19 मस्जिदों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सूर्या हत्याकांड के बाद पहली जुमे की नमाज, पुलिस हाई अलर्ट

दरअसल, खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन नवनीत विहार कॉलोनी में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। घटना के बाद कुछ हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए क्षेत्र में जुमे की नमाज न होने देने की चेतावनी दी थी, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया था।

खोड़ा नवनीत विहार में दुकानें बंद

स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। नवनीत विहार कॉलोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और कई स्थानों पर आवाजाही को नियंत्रित किया गया। इसके अलावा, सुरक्षा कारणों से कुछ दुकानदारों को दुकानें बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस की सख्त पहरेदारी में नमाज

शुक्रवार सुबह से ही पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की जाती रही। प्रशासन की निगरानी में सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। अधिकारियों के अनुसार, एक चरण की नमाज पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण की नमाज भी शांतिपूर्वक संपन्न कराई जा रही है।

प्रशासन हर गली चौराहों में दे रही गश्त

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलने से रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी रहे। पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती फिलहाल जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *