महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया, लेकिन टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 नहीं बन सकी। जानिए ताजा अंक तालिका का पूरा हाल।

नई दिल्ली/अमर भारती। महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 64 रन के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में दमदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने आईसीसी विश्व कप मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ अपना शानदार रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया। महिला टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक नौ मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें से भारत ने सात मैच जीते हैं। वहीं महिला वनडे विश्व कप में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ सभी पांच मुकाबले जीत चुकी है।
मंधाना और रिचा घोष ने संभाली बल्लेबाजी
बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 170 रन बनाए। टीम की ओर से उपकप्तान स्मृति मंधाना ने शानदार 68 रन की पारी खेली और पारी को मजबूती प्रदान की। अंतिम ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने तेजतर्रार 34 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा दीप्ति शर्मा ने भी महत्वपूर्ण 12 रन का योगदान दिया। रिचा और दीप्ति के बीच हुई 45 रन की साझेदारी ने भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने पूरी तरह बिखर गई। स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट झटके। दीप्ति को श्रीचरणी का भी बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। दोनों गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी के चलते पाकिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। दीप्ति शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 क्यों नहीं बनी भारत?
पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम ग्रुप-ए की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल नहीं कर सकी। ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 65 रन से हराकर बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पहला स्थान बरकरार रखा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के खाते में दो-दो अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट में मामूली अंतर के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम फिलहाल नंबर-1 पर बनी हुई है। यदि भारतीय टीम पाकिस्तान को कुछ और बड़े अंतर से हराती तो वह शीर्ष स्थान हासिल कर सकती थी।
ग्रुप-ए और ग्रुप-बी का ताजा हाल
ग्रुप-ए में ऑस्ट्रेलिया, भारत और बांग्लादेश ने अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीतकर दो-दो अंक हासिल कर लिए हैं। बांग्लादेश ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को छह विकेट से हराया था। वहीं पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड को अपने शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी ओर ग्रुप-बी में इंग्लैंड की टीम शानदार नेट रन रेट (+4.350) के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। स्कॉटलैंड दूसरे स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज तीसरे, न्यूजीलैंड चौथे, आयरलैंड पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर मौजूद है।
आगे की चुनौती
पाकिस्तान पर शानदार जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा है, लेकिन सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखना होगा। खासकर ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबला ग्रुप-ए की तस्वीर को काफी हद तक स्पष्ट कर सकता है।
यहां भी पढ़ें-
भारत के लिए बड़ी राहत! होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने से सस्ता हो सकता है तेल