“पिक एंड चूज” की बजाय समान प्राथमिकता पर दें ज़ोर, नोडल अधिकारी करें गुणवत्ता की जांच: CM योगी

वर्ष 2026-27 की PWD कार्ययोजना की समीक्षा बैठक, CM ने ‘सीएम ग्रिड’ योजना की प्रगति की सराहना की

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2026-27 की लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जनपद स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर भेजें, ताकि जून के पहले सप्ताह में उन्हें मंजूरी दी जा सके।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं में “पिक एंड चूज” नीति अपनाने पर नाराजगी जताते हुए सभी क्षेत्रों की जरूरतों को समान प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा, जो नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

आपातकालीन परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने हर ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय के पास हेलीपैड निर्माण को आवश्यक बताया। उनका कहना था कि स्वास्थ्य सेवाओं और राहत कार्यों में ये हेलीपैड काफी मददगार साबित होंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘सीएम ग्रिड’ योजना की प्रगति की सराहना करते हुए इसे और तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर मोहल्ले और कॉलोनी तक बेहतर सड़क और संपर्क व्यवस्था पहुंचाना है, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *