बकरीद से पहले वाराणसी की पुरानी बकरा मंडी बंद!

भीड़भाड़ और गंदगी की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते बंद हुई मंडी, त्यौहार से ठीक पहले बंद होने से नाराज़ हुए व्यापारी

रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, वाराणसी ब्यूरो/

वाराणसी, 28 मई। बकरीद से ठीक पहले वाराणसी की प्रसिद्ध पुरानी बकरा मंडी को नगर निगम ने बंद करा दिया, जिससे व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बेनियाबाग स्थित बकरा मंडी में भीड़भाड़ और गंदगी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि स्वच्छता संबंधी शिकायतों के आधार पर निरीक्षण कराया गया था। निरीक्षण में अव्यवस्थाएं मिलने के बाद बेनियाबाग बकरा बाजार की अनुमति निरस्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को तीन दिन के भीतर मंडी खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन निर्देश का पालन नहीं होने पर पुलिस की सहायता से मंडी खाली कराई गई।

वहीं इस कार्रवाई से बकरा व्यापारियों में काफी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि बेनियाबाग की बकरा मंडी लगभग चार दशकों से पूर्वांचल की सबसे प्रसिद्ध मंडियों में शामिल रही है। यहां गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, गोरखपुर समेत कई जिलों से व्यापारी अपने बकरे लेकर आते हैं। उनका आरोप है कि त्योहार से ठीक पहले मंडी बंद करना गलत निर्णय है, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

स्मार्ट सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शाकंभरी नंदन ने बताया कि पहले बेनियाबाग पार्क में बकरा मंडी लगाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन वहां अत्यधिक गंदगी फैलने के कारण नगर निगम ने मंडी बंद कराने का फैसला लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *