लखनऊ में दिनदहाड़े गोलीकांड, प्रॉपर्टी डीलर को सिर के पास मारी गोली; पीजीआई क्षेत्र में दहशत

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। पीजीआई थाना क्षेत्र के कल्ली पश्चिम इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से प्रॉपर्टी डीलर गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, पीएसएस नाम से प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाले डीलर अपने ऑफिस के पास मौजूद थे, तभी दो पहिया वाहन से पहुंचे दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें एक गोली प्रॉपर्टी डीलर के सिर के पास लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़े।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को उठाकर पीजीआई ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद समेत कई पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

इस गोलीकांड के बाद राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *