25 किलोमीटर तक 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, ₹60 हजार नगद, दो बाइक, 4 मोबाइल फोन, लूटा गया बैग बरामद

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चौरहट गांव के समीप 21 मई को हुई ₹1.34 लाख की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार सभी आरोपी पढ़ाई करने वाले छात्र बताए जा रहे हैं, जिन्होंने जल्द अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार वाराणसी की फॉर्चूयून कंपनी के मुनीब से बदमाशों ने नकदी से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद Uttar Pradesh Police की मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम लगातार जांच में जुटी थी।

करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे लगभग 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई। जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने रेकी की थी और एक इंसाइडर ने मुनीब की गतिविधियों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराई थी।
पुलिस ने मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चौरहट इलाके में ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से ₹60 हजार नगद, दो बाइक, चार मोबाइल फोन तथा पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया गया है।
इस मामले में Anant Chandrashekhar ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके दो अन्य साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।