किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं

रिपोर्ट: ब्यूरो वाराणसी :प्रवेश सिंह
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने घायल समाजवादी पार्टी की जिलाध्यक्ष गार्गी यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि जिस कार्यक्रम में घटना हुई, उसमें कई लोग शामिल थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ आरोपी भी कार्यक्रम में मौजूद थे और किसी व्यक्ति द्वारा उनकी फोटो खींच ली गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल फोटो सामने आने से किसी को बचाया नहीं जा सकता और जांच के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने गार्गी यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।