पार्टी की नीतियों-विचारधारा को जनता के बीच पहुंचाने का आह्वान, रोजगार, शिक्षा, कानून व्यवस्था पर काम करने की आवश्यकता

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की एक महत्वपूर्ण बैठक पार्टी सुप्रीमो Mayawati की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी के जनाधार को विस्तार देने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मायावती ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक हालात और चुनावी चुनौतियों को देखते हुए BSP को जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने का आह्वान किया।
बसपा सुप्रीमो ने आगामी चुनावों के लिए मजबूत, सक्रिय और जन-उपयोगी प्रत्याशियों के चयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाए जो जनता के बीच अच्छी पकड़ रखते हों और पार्टी की नीतियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सकें। इसके साथ ही पार्टी विस्तार और आर्थिक सहयोग को लेकर भी रणनीति तैयार की गई, ताकि संगठन को और सशक्त बनाया जा सके।
मायावती ने देश और प्रदेश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान हालात काफी कड़वे और दुखद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूंजीपतियों समर्थक राजनीति के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का आत्मसम्मान के साथ जीवन जीना कठिन होता जा रहा है, जो किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है।
उन्होंने सरकारों को उनकी कल्याणकारी जिम्मेदारियों की याद दिलाते हुए कहा कि रोजी-रोटी, रोजगार, शिक्षा और कानून व्यवस्था जैसे बुनियादी मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। मायावती ने विरोधी दलों की संकीर्ण राजनीति से सावधान रहने की अपील करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में BSP के पक्ष में जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है।
बैठक के अंत में मायावती ने भरोसा जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर BSP और उनके नेतृत्व पर विश्वास जताएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पांचवीं बार प्रदेश में सरकार बनाने के मिशन के साथ पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है।