लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर टीन शेड गिरा, 2 घायल

रेलवे अस्पताल में भर्ती घायलों की हालत खतरे से बाहर, जांच का विषय – शेड आंधी की वजह से गिरा या पहले से जर्जर हालत में था

लखनऊ। चारबाग रेलबे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एकबड़ा हादसा होते-होते टल गया. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा भारी-भरकम टीन शेड भरभराकर गिर पड़ा. अचानक हुई इस घटना से प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस घटना में दो यात्री घायल हो गए जिन्हे तुरंत रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया. राहत की बात यह रही कि दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

आंधी और तेज बारिश बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि बीती रात से लखनऊ समेत प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज हवा और तूफान के कारण प्लेटफॉर्म पर लगा टीन शेड गिर गया। हालांकि रेलवे प्रशासन अभी इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा केवल खराब मौसम की वजह से हुआ या फिर शेड पहले से जर्जर हालत में था।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त कई यात्री प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ टीन शेड नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स और रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेलवे प्रशासन ने शुरू कराई जांच

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद प्लेटफॉर्म पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। साथ ही स्टेशन पर लगे अन्य टीन शेड्स की भी जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *