परीक्षा देने जा रही दो युवतियों से छेड़छाड़ व मारपीट, वर्ष 2024 में हरदोई जिले के सण्डीला में महिला से दुष्कर्म का आरोपी है युवक

लखनऊ। थाना पारा क्षेत्र में परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को अपना शिकार बनाने की कोशिश करने वाले एक शातिर अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान हसीब पुत्र स्वर्गीय सत्तार निवासी ग्राम मिर्जानपुर, थाना कछौना, जनपद हरदोई के रूप में हुई है, जो वर्तमान में थाना पारा क्षेत्र के हैदर कैनाल नाला इलाके में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह आरोपी ने चारबाग बस अड्डे के पास से परीक्षा देने जा रही दो युवतियों को अपने ऑटो में बैठाया और उन्हें आलमबाग ले जाने के बजाय थाना पारा क्षेत्र स्थित रामलीला ग्राउंड के पास सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने युवतियों के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों युवतियों के साथ मारपीट की, अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना पारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ऑटो संख्या यूपी-32 पीएन-8865 से क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक तमंचा तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि हसीब आदतन अपराधी है। वर्ष 2024 में हरदोई जिले के सण्डीला थाना क्षेत्र में उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में भी वह जेल जा चुका है।
आपराधिक इतिहास:
वर्ष 2024 में थाना सण्डीला, जनपद हरदोई में महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह जेल भी गया था।