बहराइच के नानपारा CHC में बड़ी लापरवाही सामने आई!

बहराइच। नगर पालिका परिषद नानपारा की पूर्व अध्यक्ष नसीबुन निशा की शिकायत पर जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के नेतृत्व में नानपारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई गंभीर खामियां उजागर हुईं।

जांच टीम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार और उपजिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी भी शामिल रहीं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की जनरेटर व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, वहीं दवाओं की कमी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए। इसके अलावा, अस्पताल में लगी एटीएम मशीन खराब मिली और एक्स-रे टेक्नीशियन के अभाव में एक्स-रे सेवा पूरी तरह ठप पाई गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सोमवार से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी और अन्य कमियों को भी जल्द दूर किया जाएगा।

इस कार्रवाई से क्षेत्रीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *