Mirzapur Loot: मिर्जापुर में बाइक सवार बदमाशों ने पहले टायर पर गोली चलाई, नकदी से भरा बैग लूट ले गए; एसओजी, सर्विलांस समेत 3 टीमें जांच में जुटीं

रिपोर्ट: प्रवेश सिंह, वाराणसी
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने चलती मैजिक वाहन का पीछा किया, उसके अगले टायर में गोली मारकर वाहन को रुकने पर मजबूर किया और करीब दो लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना गुरुवार रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, सर्विलांस टीम और तीन विशेष पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है।
कॉस्मेटिक की सप्लाई कर लौट रहे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, चालक सुनील यादव अपने साथी सेल्समैन राजकुमार प्रजापति के साथ मिर्जापुर शहर स्थित मिलन ट्रेड शोरूम से कॉस्मेटिक का सामान लेकर गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे मैजिक वाहन (UP63 BT 1722) से निकले थे।
दोनों पूरे दिन अलग-अलग बाजारों और दुकानों पर कॉस्मेटिक उत्पादों की सप्लाई करते रहे। इस दौरान दुकानदारों से हुई नकद वसूली भी वाहन में रखी गई थी। दिनभर का कारोबार पूरा करने के बाद दोनों कर्मचारी रात में मिर्जापुर शहर लौट रहे थे।
जंगल में घात लगाकर किया हमला
रात करीब आठ बजे जब मैजिक वाहन बेला मंदिर से आगे मड़िहान के जंगल वाले इलाके में पहुंचा, तभी पीछे से पल्सर मोटरसाइकिल (UP65 FH 5412) पर सवार दो अज्ञात बदमाश उनका पीछा करते हुए पहुंचे।
बदमाशों ने बेहद सुनियोजित तरीके से पहले मैजिक के अगले पहिए पर गोली चला दी। गोली लगते ही वाहन का टायर फट गया और चालक को वाहन रोकना पड़ा। वाहन रुकते ही बदमाश तेजी से पहुंचे, शीशा तोड़ा और अंदर रखा करीब दो लाख रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई, जिससे चालक और सेल्समैन संभल भी नहीं सके।
घटना के बाद मचा हड़कंप
लूट की सूचना मिलते ही थाना मड़िहान पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ कर पूरी घटना की जानकारी जुटाई। आसपास के जंगल और संभावित भागने वाले रास्तों पर सघन तलाशी अभियान भी चलाया गया, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हो गए और पूरे मामले की निगरानी शुरू कर दी गई।
एसओजी और सर्विलांस टीम को सौंपी गई जांच
लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले के जल्द खुलासे के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया है। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) के नेतृत्व में तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
इन टीमों को आरोपियों की पहचान, संभावित ठिकानों की तलाश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। साथ ही बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की मैपिंग की जा रही है। बाइक के नंबर के आधार पर भी जांच की जा रही है कि नंबर वास्तविक है या फर्जी।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बदमाशों को वाहन में नकदी होने की जानकारी पहले से थी या उन्होंने रेकी कर इस वारदात को अंजाम दिया।
सुनियोजित साजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित लग रही है। जिस तरह बदमाशों ने पहले वाहन का पीछा किया, फिर टायर पर निशाना साधकर गोली चलाई और सीधे नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए, उससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें पहले से पूरी जानकारी थी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी अंदरूनी व्यक्ति ने बदमाशों को वाहन की गतिविधियों और नकदी की सूचना तो नहीं दी थी।
व्यापारियों में बढ़ी चिंता
घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि सुनसान और जंगल वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
स्थानीय लोगों ने भी रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संवेदनशील मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है।
पुलिस का दावा- जल्द होंगे गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी मड़िहान और क्षेत्राधिकारी (ऑपरेशन) को घटना का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है और कानून-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मिर्जापुर की यह सनसनीखेज वारदात एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सुनसान इलाकों में व्यापारियों और मालवाहक वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। (Amar Bharti)
एक नज़र इन खबरों पर डालें
E20 Petrol पर बवाल: अरविंद केजरीवाल का बड़ा हमला, ‘देश की 140 करोड़ जनता पर जबरन हो रहा प्रयोग’
ममता बनर्जी को बड़ा झटका: चंद्रिमा भट्टाचार्य का सभी पदों से इस्तीफा, 3 दिन में TMC में कई भूचाल