UP में मौसम ने ली करवट: आंधी-बारिश से मिली राहत, तेज हवा और ओलावृष्टि का अलर्ट

13 जून तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना, मौसम विभाग ने 13 जून के लिए भी कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर देखने को मिला, जिसके चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिन यानी 12 और 13 जून तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी घोषित किया गया है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती है हवा

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बदलते मौसम के कारण लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

मौसम विभाग ने अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा प्रदेश के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों के दर्जनों जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर और कई अन्य जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

13 जून के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 13 जून के लिए भी कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

प्रदेश में कई स्थानों पर हुई अच्छी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान गोरखपुर जिले के बांसगांव में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा फतेहपुर में 48 मिमी, बाराबंकी के रामनगर में 46 मिमी, आजमगढ़ में 43.6 मिमी और संत कबीर नगर के धनघटा में 48 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। गोरखपुर शहर में 30.2 मिमी, गाजीपुर के मोहम्मदाबाद में 30 मिमी, बलिया के गाईघाट में 29.2 मिमी तथा गाजीपुर सीडब्ल्यूसी में 28.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बहराइच के कतर्नियाघाट और अंबेडकरनगर के अकबरपुर में 25-25 मिमी वर्षा हुई।

पश्चिमी यूपी में भी बरसे बादल, तापमान में आई गिरावट

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली सबसे अधिक वर्षा वाला जिला रहा, जहां 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 26.7 मिमी, बदायूं के सहसवान में 17 मिमी तथा अलीगढ़ के अतरौली और संभल में 16-16 मिमी वर्षा दर्ज की गई। लगातार हुई बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *