BHU के सिंहद्वार पर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज, प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

वाराणसी। NEET परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग को लेकर सोमवार को बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सिंहद्वार पर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गईं। समाजवादी पार्टी की सहयोगी अपना दल (कमेरावादी) की नेता एवं सिराथू से विधायक पल्लवी पटेल अपने समर्थकों के साथ धरना-प्रदर्शन के लिए BHU गेट पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए परीक्षा को निरस्त कर पुनः आयोजित किए जाने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रशासन अलर्ट
इसी बीच प्रशासन को अन्य छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के भी BHU गेट पर पहुंचकर विरोध-प्रदर्शन करने की सूचना मिली। संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। BHU सिंहद्वार और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। कई थानों की फोर्स के साथ पीएसी के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदर्शनकारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए, लेकिन किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
NEET परीक्षा पर अनियमितताओं के आरोप
धरना-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उनका कहना था कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है।
स्थिति नियंत्रण में, सुरक्षा कड़ी
हालांकि, पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक तैयारियों के चलते पूरे क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बनी रही। समाचार लिखे जाने तक BHU गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थी।
यह भी पढ़ें
भारत के लिए बड़ी राहत! होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने से सस्ता हो सकता है तेल